मॉर्गन स्टेनली ने वैश्विक स्तर पर 2,500 कर्मचारियों की छंटनी की: जानें क्या है कारण
सारांश
Key Takeaways
नई दिल्ली, 5 मार्च (राष्ट्र प्रेस)। अमेरिका की प्रमुख निवेश बैंकिंग फर्म मॉर्गन स्टेनली ने अपने वैश्विक स्तर पर कार्यरत लगभग 2,500 कर्मचारियों की छंटनी की है। यह आंकड़ा कंपनी के कुल कर्मचारियों का करीब 3 प्रतिशत है। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, यह प्रक्रिया मार्च की शुरुआत से लागू की गई है।
वॉल स्ट्रीट जर्नल की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि यह छंटनी आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) से संबंधित किसी सुधार के कारण नहीं, बल्कि कंपनी की बदलती व्यावसायिक प्राथमिकताओं, वैश्विक रणनीतियों में परिवर्तन, और कर्मचारियों के प्रदर्शन की समीक्षा के चलते की गई है।
रिपोर्ट में यह भी उल्लेख किया गया है कि यह छंटनी बैंक के तीन प्रमुख विभागों—इंस्टिट्यूशनल सिक्योरिटीज, वेल्थ मैनेजमेंट, और इन्वेस्टमेंट मैनेजमेंट—में की गई है। इससे फ्रंट-ऑफिस, राजस्व से जुड़े पदों और बैक-ऑफिस भूमिकाओं पर असर पड़ा है, जबकि वित्तीय सलाहकारों को इससे बाहर रखा गया है।
इस बीच, मॉर्गन स्टेनली ने इस रिपोर्ट पर अभी तक कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की है। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष वसंत में भी कंपनी ने लगभग 2,000 कर्मचारियों की छंटनी की थी।
दिलचस्प यह है कि यह छंटनी ऐसे समय में हुई है जब कंपनी ने 2025 में रिकॉर्ड 70.6 अरब डॉलर की वार्षिक आय दर्ज की है। वर्ष की अंतिम तिमाही में कंपनी की आय में 47 प्रतिशत की वृद्धि देखी गई। 31 दिसंबर 2025 तक, कंपनी के 40 से अधिक देशों में कुल 82,992 कर्मचारी कार्यरत थे।
हाल ही में, मॉर्गन स्टेनली ने अपनी एक रिपोर्ट में कहा था कि नौकरियों पर एआई का दीर्घकालिक प्रभाव उतना गंभीर नहीं हो सकता जितना लोग सोचते हैं। कंपनी का मानना है कि कुछ नौकरियां अटोमेट होंगी, लेकिन अधिकांश कर्मचारी पूरी तरह बेरोजगार नहीं होंगे। कई लोग नए प्रकार की नौकरियों में स्थानांतरित हो सकते हैं, जिनमें से कई भूमिकाएं अभी अस्तित्व में नहीं हैं। बैक का मानना है कि एआई काम करने के तरीके को बदलेगा, लेकिन नौकरियों को समाप्त नहीं करेगा।
इसी बीच, जैक डोर्सी द्वारा स्थापित पेमेंट कंपनी ब्लॉक ने भी हाल ही में एआई से जुड़े बदलावों के चलते अपने कर्मचारियों की संख्या लगभग आधा करने की घोषणा की है। कंपनी अपने कर्मचारियों की संख्या 10,000 से घटाकर लगभग 6,000 करने की योजना बना रही है।
टेक उद्योग के कई विशेषज्ञों का मानना है कि अगले 12 से 18 महीनों में कंप्यूटर आधारित अधिकांश व्हाइट-कॉलर नौकरियां ऑटोमेशन की ओर बढ़ सकती हैं।
रिपोर्टों के अनुसार, अमेजन ने भी अपने रोबोटिक्स डिवीजन में कर्मचारियों की छंटनी की है, जिसमें कम से कम 100 व्हाइट-कॉलर नौकरियां प्रभावित हुई हैं। इससे पहले जनवरी में कंपनी ने लगभग 16,000 नौकरियों में कटौती की थी।
इसके अलावा, अमेरिकी टेक कंपनी ओरेकल भी अपने एआई डेटा सेंटर की क्षमता बढ़ाने के लिए 20,000 से 30,000 कर्मचारियों की छंटनी की योजना बना रही है।
राष्ट्र प्रेस
डीबीपी/