क्या कांग्रेस का देश और समाज के उत्थान से कोई सरोकार नहीं है? : दानिश आजाद अंसारी
सारांश
मुख्य बातें
लखनऊ/नई दिल्ली, १७ जून (राष्ट्र प्रेस)। केंद्र सरकार द्वारा जाति जनगणना के लिए अधिसूचना जारी होने पर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस पार्टी सहित अन्य विपक्षी दल भाजपा पर तीखा आरोप लगा रहे हैं। उत्तर प्रदेश में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और पसमांदा समुदाय को लगातार गुमराह किया है। देश और समाज के उत्थान से कांग्रेस का कोई सरोकार नहीं है।
मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने समाचार एजेंसी राष्ट्र प्रेस से बातचीत में कहा, "कांग्रेस पार्टी को आखिर क्या परेशानी है? यह सत्य है कि केंद्र की मोदी सरकार पिछड़े वर्गों, दलितों और हाशिए पर पड़े अल्पसंख्यकों, पसमांदाओं के उत्थान के लिए कार्यरत है। क्या यही कारण है कि कांग्रेस चिंतित है? क्योंकि कांग्रेस ने कभी भी उनके लिए कुछ नहीं किया। आजादी के बाद से कांग्रेस पार्टी का इतिहास और चरित्र हमेशा से यह दर्शाता रहा है कि उसने पिछड़े वर्गों, अल्पसंख्यकों और पसमांदा समुदाय को लगातार गुमराह किया है। देश और समाज के उत्थान से कांग्रेस का कोई सरोकार नहीं है। मोदी सरकार ने आगे बढ़कर जाति जनगणना का निर्णय लिया और नोटिफिकेशन जारी कर दिया है, फिर भी कांग्रेस पार्टी सवाल उठाने से बाज नहीं आ रही है।"
दूसरी ओर, आरजेडी सांसद अभय कुशवाहा का कहना है, "हमारे नेता तेजस्वी यादव और हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव ने हमेशा हर मंच पर जातिगत जनगणना के पक्ष में मजबूती से आवाज उठाई है। जब १७ महीने के लिए महागठबंधन की सरकार बनी थी, तो जातिगत जनगणना को लेकर बिहार सरकार के सभी मंत्री प्रधानमंत्री से मिलने गए थे। इस दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने स्पष्ट तौर पर कहा था कि हम जाति जनगणना नहीं कराएंगे। इसके बाद बिहार सरकार ने जाति जनगणना कराने का ऐलान किया था और ऐसा हुआ भी। भाजपा को हर जगह राजनीति करनी होती है, उसे जनगणना पहले करवानी चाहिए थी।"
उन्होने कहा कि बिहार में महागठबंधन की सरकार के दौरान कई ऐसी योजनाएं बनाई गईं, जिन्हें केंद्र सरकार ने अपना लिया है। हर घर नल योजना इनमें से एक है। महागठबंधन की सरकार ने जाति जनगणना कराई है और अब केंद्र सरकार इसको पूरे देश में लागू करने का कार्य कर रही है।